नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मेसकौर (नवादा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेसकौर में कार्यरत एएनएम ने शनिवार को बायोमैट्रिक उपस्थिति व्यवस्था के विरोध में धरना देकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली एएनएम को बायोमैट्रिक हाजिरी बनाने के लिए निर्धारित स्थान तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन की समुचित सुविधा नहीं होने के कारण समय पर बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना मुश्किल हो जाता है।
धरना में एएनएम संगीता कुमारी, सरिता कुमारी, अनुपमा वर्मा, अंजना कुमारी, गायत्री कुमारी और विनीता कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहीं। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि सरकार की ओर से बायोमैट्रिक उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान की व्यवस्था की गई है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में पदस्थापित स्वास्थ्यकर्मियों के लिए रोजाना निर्धारित केंद्र तक पहुंचकर बायोमैट्रिक हाजिरी बनाना व्यवहारिक रूपr से कठिन हो रहा है।
एएनएम का कहना है कि कई स्वास्थ्यकर्मी दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से ड्यूटी करने आती हैं। वहां से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए नियमित यातायात की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में कभी वाहन नहीं मिलने तो कभी आने-जाने में अधिक समय लगने के कारण बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने में परेशानी होती है। इससे उन्हें अनावश्यक मानसिक दबाव का सामना करना पड़ता है।
स्वास्थ्यकर्मियों ने सरकार और विभागीय अधिकारियों से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्र में तैनात एएनएम की व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए बायोमैट्रिक हाजिरी की व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किया जाए। उन्होंने कहा कि उपस्थिति दर्ज कराने के लिए ऐसी व्यवस्था हो, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर न पड़े और कर्मियों को भी अनावश्यक परेशानी नहीं हो।
इस संबंध में जारी पत्र के अनुसार बिहार चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर बायोमैट्रिक उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर 8 अगस्त को प्रखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर मांग पत्र सौंपने का निर्णय लिया गया था। पत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेसकौर में दोपहर दो बजे से प्रदर्शन कर मांग पत्र सौंपने का उल्लेख है।
इधर, पीएचसी मेसकौर में चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुबीर कुमार, अस्पताल मैनेजर अरविंद कुमार, अस्पताल के बड़ा बाबू शंकर रंजन और डॉ. रोहित कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। एएनएम ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए मांगों के समाधान की अपील की।