एनटीपीसी नबीनगर में बालिका सशक्तिकरण अभियान का हुआ सफल आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। एनटीपीसी नबीनगर ने बालिका सशक्तिकरण अभियान-2026 के माध्यम से 61 ग्रामीण बालिकाओं के सपनों को नई उडान प्रदान की है। 02 जून को 61 बालिकाओं के साथ शुरु हुए इस उच्च स्तरीय शैक्षणिक आवासीय प्रशिक्षण अभियान के समापन समारोह का आयोजन शनिवार को परियोजना परिसर में किया गया। समारोह में अभियान की प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न प्रकार के मनमोहक प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए, जिनमें नृत्य, नाट्य, संगीत, कला तथा योग प्रदर्शन शामिल थे।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-1) एल. के. बेहेरा ने बालिकाओं को शुभकामनाएँ दीं एवं उनके परिवारजनों का भी धन्यवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि “बालिका सशक्तिकरण अभियान का उद्देश्य ग्रामीण बालिकाओं में छिपी मेधा को उजागर कर उन्हें सशक्त बनाना है, जिससे वे अपने परिवार एवं गाँव में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

ज्ञातव्य हो कि सन 2023 से प्रत्येक वर्ष संचालित इस अभियान के माध्यम से अब तक 180 ग्रामीण बालिकाएँ प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं तथा चयनित 11 छात्राएँ बाल भारती पब्लिक स्कूल में एनटीपीसी के सहयोग से निःशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रही हैं।

इस वर्ष इस आवासीय कार्यशाला में बारुण एवं नबीनगर प्रखंड के विदयालयों से चयनित 61 छात्राओं ने भाग लिया। अभियान के दौरान बालिकाओं को गणित, अंग्रेजी, हिंदी आदि विषयों के साथ-साथ कंप्यूटर, कराटे, योग एवं अन्य प्रशिक्षण भी प्रदान किए गए। साथ ही, छात्राओं को परियोजना परिसर में छात्रावास एवं पौष्टिक आहार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। इस अभियान से चयनित 06 बालिकाओं का शीघ्र ही एनटीपीसी द्वारा बाल भारती पब्लिक स्कूल में प्रवेश कराया जाएगा, जिससे उन्हें कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा प्राप्त हो सके।
एल. के. बेहेरा के अलावा इस कार्यक्रम में स्वरा महिला संघ की अध्यक्षा आरती बेहेरा, महाप्रबंधक (O&M) अनिल कुमार टी. सी., महाप्रबंधक (परियोजना) राकेश शर्मा, उप कमांडेंट, CISF रफाकत खान, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ओंकार नाथ समेत अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई।