नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अनुमंडल अग्निशमन कार्यालय, औरंगाबाद के कर्मियों द्वारा अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न गांवों, प्रतिष्ठानों, अस्पतालों, होटलों एवं दुकानों में मॉक ड्रिल का आयोजन कर लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत पम्पलेट वितरण के साथ-साथ वॉल पेंटिंग के माध्यम से भी अग्नि सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने लोगों को आग लगने के कारणों, प्राथमिक सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन स्थिति में अपनाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी।

जिन स्थानों पर मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए उनमें सिंदुरिया गांव, हाईवे हॉस्पिटल एनएच-2 (भोपतपुर पंचायत), सीरिस गांव की दुकानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों, जोगिया गांव के होटल, शिवानी इंटरप्राइजेज, शेख बिगहा में किसानों के साथ बैठक, रामपुर मुरादाबादी चिकेन बिरयानी दुकान, करीम साबरी होटल तथा खैरा गांव में जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम शामिल रहे।
कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के प्रधान अग्निक रोहित राज, चालक आलोक कुमार, अग्निक रौशन कुमार एवं सोनू कुमार की सक्रिय भागीदारी रही।
अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की कि आगजनी की किसी भी घटना की सूचना तत्काल विभाग को दें तथा सुरक्षा मानकों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचाव सुनिश्चित करें।