श्राद्धकर्म में शामिल होने बोकारो से पटना जा रहे थे लोग, हादसे में दो घायल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। अकबरपुर थाना क्षेत्र के केंदुआ गांव स्थित ओवरब्रिज पर बुधवार की सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, बोकारो से कुछ लोग कार से पटना में आयोजित श्राद्धकर्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान केंदुआ गांव के समीप ओवरब्रिज पर अचानक कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे में रूपा देवी (30), पति पप्पू साहब, निवासी ग्यासपुर महाजी, थाना शालिमपुर, पटना तथा लाल बाबू साह (31), पिता गन्नी साह, निवासी आदर कॉलोनी, चास, बोकारो, झारखंड की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में रूपा देवी के पति पप्पू साहब और उनके सात वर्षीय पुत्र रितिक कुमार समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। अकबरपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि केंदुआ ओवरब्रिज पर कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।