वंदे भारत, जनशताब्दी समेत कई ट्रेनें बीच रास्ते रुकीं, मैनुअल सिग्नल से बहाल हुई रेल सेवा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की रात सिग्नल प्रणाली का कॉपर तार काटकर चोरी किए जाने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। घटना शाम करीब 9:20 बजे की है, जब होम सिग्नल के पास अप लाइन के ट्रैक सर्किट का कॉपर वायर काट दिए जाने से ऑटोमैटिक सिग्नल सिस्टम फेल हो गया। इसके कारण लगभग 45 मिनट तक अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।
कॉपर तार कटते ही सिग्नल को विद्युत आपूर्ति बंद हो गई और सिग्नल लाल हो गया। सुरक्षा कारणों से अप लाइन से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को टाल जंक्शन पर रोका गया, जबकि 12023 हावड़ा-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब 45 मिनट तक मोकामा के होम सिग्नल पर खड़ी रही। इसके अलावा साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस हाथीदह स्टेशन पर रुकी रही और हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोकामा स्टेशन मास्टर जीतेंद्र कुमार ने तत्परता दिखाते हुए मैनुअल सिग्नल प्रक्रिया अपनाकर जनशताब्दी एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया। इसके बाद वंदे भारत एक्सप्रेस को टाल जंक्शन से मोकामा लाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिग्नल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कॉपर तार को जोड़कर सिग्नल प्रणाली को फिर से चालू किया। इसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।
मोकामा आरपीएफ प्रभारी मृणाल कुमार ने बताया कि सिग्नल विभाग के अभियंता की शिकायत पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कॉपर तार चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सिग्नल प्रणाली से छेड़छाड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।