आईजी विकास वैभव, पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह व विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह सहित कई गणमान्य हुए शामिल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के एमजी रोड स्थित महेश एकेडमी स्कूल के बगल में रविवार को आयुष्मान फिजियोथेरेपी क्लिनिक का उद्घाटन मुख्य अतिथि मगध रेंज, गया के आईजी विकास वैभव, औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह तथा पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा सहित अन्य ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने क्लिनिक का अवलोकन किया और आधुनिक फिजियोथेरेपी सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल को महत्वपूर्ण बताया।
आयुष्मान फिजियोथेरेपी क्लिनिक में आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से विभिन्न प्रकार की शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां विशेष रूप से कमर दर्द, गर्दन दर्द, घुटने एवं जोड़ों की समस्याएं, नसों से संबंधित परेशानी तथा चोट के बाद पुनर्वास जैसी समस्याओं के लिए परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान आईजी विकास वैभव ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इस तरह की आधुनिक सुविधाओं की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए कहा कि बेहतर चिकित्सा और पुनर्वास सेवाएं लोगों के जीवन को सहज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि औरंगाबाद में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होना क्षेत्र के लोगों के लिए सुखद है। स्थानीय स्तर पर बेहतर फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी लाभ मिलेगा और उन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर होना समाज के विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने आयुष्मान फिजियोथेरेपी क्लिनिक की शुरुआत को औरंगाबाद के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल बताते हुए इसके सफल संचालन की कामना की।
क्लिनिक के संस्थापक डॉ. शशिकांत और उनकी पत्नी डॉ. रीना सिंह ने बताया कि विदेश में अनुभव प्राप्त करने के बाद उन्होंने अपने क्षेत्र और यहां के लोगों के बीच लौटकर सेवा करने का निर्णय लिया है। उनका उद्देश्य है कि औरंगाबाद एवं आसपास के लोगों को बेहतर और आधुनिक फिजियोथेरेपी सुविधाओं के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।