नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
दुमका। दुमका के विश्व प्रसिद्ध बासुकीनाथ श्रावणी मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। महोत्सव में का उद्घाटन कल बुधवार को दोपहर एक बजे होगा। इसके लिए मेला क्षेत्र में विशेष रूप से मयूराक्षी कला मंच तैयार किया गया है। उद्घाटन समारोह में संस्कृति मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय और उद्योग मंत्री संजय यादव के शामिल होने की उम्मीद है।
मेले में आने वाले भक्तों और कांवरियों को उचित दर पर रहने की सुविधा और खाने-पीने की चीजें मिलेंगी। मेले में मुनाफाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने मुकम्मल तैयारी की है। मेला क्षेत्र में धर्मशाला और खाने-पीने की चीजों की दरें जिला प्रशासन ने निर्धारित कर दी हैं। मंदिर प्रशासन के सचिव एवं दुमका के अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि कुछ वस्तुओं को छोड़कर अधिकांश खाद्य सामग्रियों की दरें पूर्ववत रखी गयीं हैं। लोगों को 150 रुपये में भरपेट भोजन तथा 80 रुपये में एक प्लेट खाना मिलेगा।
गुरुवार से सावन माह प्रवेश कर रहा है, जो 28 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान यहां श्रावणी मेले की धूम रहेगी और देश-विदेश से लाखों शिवभक्त यहां पहुंचेंगे। एक माह तक मेला क्षेत्र बोल बम के जयघोष से गुजायमान करेगा।