मसौढ़ी के मलिकाना गांव की घटना, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मलिकाना गांव में टीवी बनाने के बहाने दुकान से बुलाकर दो सगे भाइयों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने एक भाई के सिर पर पिस्टल की बट से हमला किया, जबकि दूसरे के साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना 30 सितंबर की रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित मो. इमरान आलम ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उसके भाई शहबाज आलम को कुछ लोगों ने टीवी बनवाने के बहाने दुकान से बुलाया और हुसैनाबाद बगीचा ले गए। वहां पहले से मौजूद करीब चार लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर इमरान वहां पहुंचा। पीड़ित के अनुसार, उसने एक आरोपी रिजवान को पहचान लिया।
आरोप है कि इमरान द्वारा माफी मांगने के बावजूद रिजवान ने कमर से पिस्टल निकालकर उसकी बट से सिर पर वार कर दिया। इससे उसकी आंख के पास और सिर में चोट लगी। वहीं, उसके भाई शहबाज के साथ भी मारपीट और गला दबाने का आरोप लगाया गया है।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।