नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में गोविंदपुर-निरसा मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के पाइप चोरी करने की कोशिश को ग्रामीणों ने नाकाम कर दिया। ग्रामीणों ने रंगे हाथ पाइप लदे ट्रक और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक से करीब 5 लाख रुपये से अधिक कीमत के पाइप बरामद हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
गोविंदपुर-निरसा मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत एसीपीसी कंपनी द्वारा बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बदाही जीतपुर स्थित ग्राउंड में 4 इंच के पाइप रखे गए थे। बीती रात कुछ लोग ट्रक पर पाइप लोड कर चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रक को घेरकर चालक को पकड़ लिया। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही प्रोजेक्ट मैनेजर विकास कुमार साव मौके पर पहुंचे और बरवाअड्डा पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया। ट्रक में 5 लाख रुपये से अधिक कीमत के पाइप लोड मिले हैं।
पकड़े गए चालक ने पूछताछ में बताया कि उसे रांची के बालाजी ट्रांसपोर्ट से पाइप लोड करने का निर्देश मिला था। उसने यह भी बताया कि रात में स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग उसे नेशनल हाईवे से घटनास्थल तक लेकर आए थे। पुलिस चालक से पूछताछ कर पूरे गिरोह और चोरी की साजिश का पता लगाने में जुटी है।