अंबा–नबीनगर पथ पर क्षतिग्रस्त स्लैब कलवर्ट के स्थान पर डायवर्सन निर्माण कार्य प्रारंभ, यातायात रहेगा सुचारू
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार चतरा मोड़ से नबीनगर जाने वाले मार्ग के सुंदरगंज क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हाइट बैरियर का निर्माण कराया गया है।
इसके अतिरिक्त अंबा–नबीनगर पथ के 12वें किलोमीटर पर स्थित सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित स्लैब कलवर्ट के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण आमजन की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने हेतु वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में नए ह्यूम पाइप कलवर्ट आधारित डायवर्सन का निर्माण कराया जा रहा है।
उक्त स्थल पर सिंचाई विभाग द्वारा नियमित रूप से पटवन कार्य संचालित किया जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए डायवर्सन निर्माण के दौरान दोनों ओर ह्यूम पाइप स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि जल निकासी एवं सिंचाई कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके तथा पानी का प्रवाह सुचारू बना रहे।
डायवर्सन निर्माण पूर्ण होने के पश्चात वर्तमान क्षतिग्रस्त स्लैब कलवर्ट को यातायात हेतु बंद कर दिया जाएगा तथा उसके स्थान पर नए स्लैब कलवर्ट का निर्माण कराया जाएगा। इस अवधि में सभी वाहनों का आवागमन निर्मित डायवर्सन मार्ग से संचालित किया जाएगा, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती रहे।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से सहयोग एवं निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।