अरवल और औरंगाबाद के डाकघरों का निरीक्षण, सेवाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
बेताब अहमद
औरंगाबाद। बिहार परिमंडल की मुख्य डाक महाध्यक्ष शशि शालिनी कुजूर ने अरवल और औरंगाबाद जिले के ग्रामीण डाकघरों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वलिदाद (बैदराबाद), अगनूर और संसा (दाउदनगर) शाखा डाकघरों में दी जा रही वित्तीय व डाक सेवाओं की जमीनी हकीकत जानी। निरीक्षण के बाद संसा पंचायत सरकार भवन में औरंगाबाद प्रमंडल के 45 शाखा डाकघरों के डाकपालों और सहायक डाकपालों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी शाखाओं के ‘व्यय कवरेज अनुपात’ की समीक्षा की गई। मुख्य डाक महाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा और अन्य बचत योजनाओं का दायरा बढ़ाएं ताकि हर ग्रामीण को बैंकिंग और डाक सेवाओं का लाभ मिल सके।
डाक विभाग अब गांवों तक अपनी पहुंच को और अधिक मजबूत करने जा रहा है। माननीया मुख्य डाक महाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के हर व्यक्ति तक डाक जीवन बीमा और बचत योजनाओं का लाभ पहुँचना चाहिए। विभाग ने जनता की सुविधा के लिए एक बड़ा संकल्प लिया है। अब जिस दिन डाकघर में चिट्ठी या पार्सल पहुँचेगा, उसी दिन उसे ग्राहक तक पहुँचा दिया जाएगा।
औरंगाबाद के डाक अधीक्षक प्रिय रंजन ने सभी शाखा डाकपालों से कहा है कि वे इस लक्ष्य को पूरी ईमानदारी से पूरा करें। इस बैठक में मनोज कुमार सहायक डाक अधीक्षक अरवल, रमन राज डाक निरीक्षक ग्राहक संतुष्टि, सतीश कुमार डाक निरीक्षक दाउदनगर, मिथिलेश कुमार डाक निरीक्षक औरंगाबाद पश्चिमी एवं ओम प्रकाश गोंड डाक निरीक्षक औरंगाबाद पूर्वी उपस्थित थे। अरवल, दाउदनगर और औरंगाबाद के सभी प्रमुख डाक निरीक्षक ने मिलकर डाक सेवाओं को जनता के लिए और अधिक तेज और भरोसेमंद बनाने का संकल्प लिया।