नवबिहार टाइम्स संवाददाता
शेरघाटी (गया)। गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान सगाही कॉलोनी निवासी हरदयाल पासवान के 13 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे प्रिंस अपने चार दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की और शोर भी मचाया, लेकिन आसपास कोई मदद के लिए नहीं पहुंच सका। घबराए बच्चे डर के कारण तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सके और अपने-अपने घर लौट गए।
शाम तक जब प्रिंस घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान दोस्तों ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे। सूचना मिलने पर शेरघाटी एवं आमस थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नदी में खोजबीन की गई। काफी प्रयास के बाद प्रिंस का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद सगाही कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते घटना की सूचना मिल जाती तो शायद प्रिंस की जान बचाई जा सकती थी। वहीं पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को नदी, तालाब या अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान अकेला न छोड़ें और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।