नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के जढ़ुआ गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक 40 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान जढ़ुआ गांव निवासी स्वर्गीय राम इकबाल राय के पुत्र मिथिलेश राय (40) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह पटना में मजदूरी का काम करता था और अपने पीछे पत्नी तथा दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मिथिलेश राय घर से निकल गए। कुछ देर बाद घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक पेड़ से उनका शव लटका मिला। राहगीरों ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही गंगा ब्रिज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बड़े भाई राजेश राय ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद मिथिलेश घर से निकल गया था। बाद में स्थानीय लोगों से उसके पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि जढ़ुआ गांव में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।