नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पलामू। पलामू समाहरणालय में बुधवार को आयोजित एक समारोह के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आइडीबीआई बैंक के सीएसआर फंड से 10 दिव्यागों के बीच ट्राई स्कूटी का वितरण किया। स्कूटी की प्रतिकात्मक चाभी वित्त मंत्री के अलावा जिले के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सदर एसडीओ अभिषेक पांडे और बैंक के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दिया।
मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 10 पेट्रोल चालित दिव्यांग तीन पहिया वाहनों का वितरण किया गया। इन वाहनों के मिलने से शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को आवागमन में काफी सुविधाएं मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि गुजरात, मुम्बई, केरल की तरह झारखंड में भी बैंक सीडी रेसियो को बढाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के पास अपना राजस्व होता है। इसके अलावा केन्द्रीय करो में भी राज्य की हिस्सेदारी होती है, लेकिन मैं मानता हूं कि तीसरा स्त्रोत हमारे बैंकर्स होते हैं। बैंकों के माध्यम से भी प्रदेश का विकास किया जा सकता है। इसके लिए सीडी रोसियो को बढाने की जरूरत है। वे शुरू से ही इसके पक्षधर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि बैंकर्स और कंपनियों को सीएसआर फंड कहां खर्च हो रहा है? इसकी जानकारी वित्त विभाग के पास नहीं थी। लेकिन अब सिर्फ बैंकर्स नहीं, बल्कि बड़ी-बड़ी कंपनियां सीएसआर की राशि कहां खर्च कर रही हैं, इसकी जानकारी ली जा रही है।
जिले के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन समाज के वंचित वर्ग दिव्यांगों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दिव्यागों को कहीं जाने में या कार्य करने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए सीएसआर फंड से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को लाभ दिया गया।