हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मरांची थाना क्षेत्र के कसहा दियारा पंचायत में गंगा नदी में डूबने से 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान नया कसहा दियारा गांव निवासी नरेश सिंह निषाद (75) के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नरेश सिंह निषाद गुरुवार की शाम मछली पकड़ने वाले जाल से संबंधित काम के सिलसिले में गंगा नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान वे नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। गंगा में तेज बहाव के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और पानी में समा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर उनकी तलाश में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर मरांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने दियारा क्षेत्र में गंगा के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए लोगों से नदी किनारे जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।