ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, गांव में मातम और दहशत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। भगवानपुर थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर बांथू गांव में शुक्रवार की देर रात एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद घर के बाहर सो रही चाची पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतका की पहचान चांदनी देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान दिलीप मांझी के रूप में बताई गई है। घायल महिला धनमन्ती देवी को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
मृतका के परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद दिलीप अपनी पत्नी चांदनी देवी और बच्चों के साथ सोने चला गया था। देर रात उसने कथित रूप से पत्नी पर हमला कर दिया। इस दौरान खून के छींटे उसके बेटे पर भी पड़े, जिससे उसकी नींद खुल गई। आरोप है कि आरोपी ने बेटे को डराकर चुप करा दिया।
इसके बाद दिलीप घर से बाहर निकला और बाहर सो रही अपनी चाची धनमन्ती देवी पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के दौरान उसने अपने पिता पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पिता ने दरवाजा बंद कर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना भगवानपुर थाना पुलिस को दी। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वारदात के बाद गांव में मातम के साथ दहशत का माहौल बना हुआ है।