नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, रोहतास द्वारा आज गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026-27 प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रहा, जिसमें जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी सुधार एवं राष्ट्र के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सह गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति माननीय श्री गोपाल नारायण सिंह जी तथा विशिष्ट अतिथि रोहतास के जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया था, जिसमें रोहतास महिला कॉलेज, शेरशाह कॉलेज, अवदूत भगवान राम कॉलेज सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्य एवं शिक्षाविद शामिल थे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता में गौरी कुमारी ने प्रथम स्थान तथा प्रीतम कुमार ने द्वितीय स्थान तथा तृतीय स्थान आरजू रानी ने प्राप्त किया। विजेताओं को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि श्री गोपाल नारायण सिंह जी ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्र ने युवाओं के विचारों, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक-राजनीतिक विषयों के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की। उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 का हिस्सा है, जिसका आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रस्तावित है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों को आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, रोहतास की जिला युवा अधिकारी श्रीमती कोमल निगम के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, निर्णायक मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिसका आयोजन नवंबर-दिसंबर 2026 के दौरान पटना स्थित बिहार विधानसभा परिसर में प्रस्तावित है। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।