नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के उर्दू निदेशालय पटना के निर्देश पर जिला स्तर पर वर्ष 2026-27 के लिए जिला उर्दू नाम पत्रिका के मुद्रण एवं प्रकाशन की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसको लेकर समाहरणालय रोहतास स्थित जिला उर्दू भाषा कोषांग की ओर से एक नोटिस जारी कर जिले के लेखकों, शायरों, इतिहासकारों, कहानीकारों, पत्रकारों, कलाकारों एवं उर्दू प्रेमियों से रचनाएं आमंत्रित की गई हैं।
जारी नोटिस के अनुसार, रोहतास जिले के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, भौगोलिक, सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं पर आधारित लेख, शोधपूर्ण रचनाएं, कविताएं और अन्य साहित्यिक सामग्री उर्दू भाषा में आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक रचनाकारों से अपील की गई है कि वे अपनी रचनाएं उर्दू में टाइप कराकर पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर और फोटो के साथ जमा करें। प्राप्त रचनाओं में से चयनित रचनाओं को ही जिला उर्दू नाम पत्रिका में प्रकाशित किया जाएगा।
रचनाएं जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति जिला उर्दू भाषा कोषांग, रोहतास (सासाराम) के कार्यालय में अपनी रचना जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ई-मेल के माध्यम से भी रचनाएं भेजी जा सकती हैं। ई-मेल : rajbhashaurducellrohtas@gmail.com, संपर्क सूत्र : 9123232565 / 7563945178 जिला उर्दू भाषा कोषांग की ओर से जिले के तमाम उर्दू प्रेमियों और साहित्यकारों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। रचनाएं जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 है।