नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र के मोहरी ईटवा गांव में पांच वर्षीय मासूम सिद्धार्थ कुमार की हत्या से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मासूम के लापता होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और करीब 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
औरंगाबाद पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 जून की सुबह करीब 9 बजे थाना को सूचना मिली कि प्रमोद सिंह चंद्रवंशी के पांच वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ कुमार रात से घर से लापता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-01) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मोहरी ईटवा निवासी 20 वर्षीय धनसेवक कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बच्चे की हत्या कर शव को घर से लगभग 200 मीटर दूर झाड़ी में फेंकने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटनास्थल का निरीक्षण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, टंडवा थाना पुलिस, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम, डॉग स्क्वायड तथा अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है जिसका कारण प्रेम-प्रसंग है। विधि-व्यवस्था सामान्य है तथा मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने तथा पीड़ित परिवार को न्याय और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।