मसौढ़ी में पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ, अब हर शनिवार घर पर मिलेगी खाद्यान्न की आपूर्ति
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। अब 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को राशन लेने के लिए जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों तक नहीं जाना पड़ेगा। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के निर्देश पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत शनिवार से मसौढ़ी प्रखंड में ‘खाद्यान्न आपके द्वार’ पायलट परियोजना की शुरुआत की गई।
स्थानीय विधायक अरुण मांझी एवं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर योजना का शुभारंभ किया। पहले दिन विभिन्न पंचायतों के 80 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लाभुकों के घर-घर जाकर राशन का वितरण किया गया।

भगवानगंज पंचायत के डीलर विनोद कुमार ने 22, कराय पंचायत के डीलर राजेंद्र प्रसाद ने 13, चपौर पंचायत की डीलर विनिता कुमारी ने 11 तथा बेर्रा पंचायत के डीलर चंदेश्वर प्रसाद ने 19 लाभुकों के घर पहुंचकर खाद्यान्न उपलब्ध कराया। लाभुकों में कांति देवी, सिमरन खातून, रामकृत पासवान, पनपतिया देवी, मथुरा मांझी, महोगनी देवी, राजदेव प्रसाद, धनपतिया देवी सहित अन्य पात्र बुजुर्ग शामिल रहे।
घर पर राशन मिलने से बुजुर्गों और उनके परिजनों ने खुशी जताई। लाभुकों ने कहा कि वृद्धावस्था में अब राशन दुकान तक जाने की कठिनाई समाप्त हो जाएगी।
विधायक अरुण मांझी ने इस पहल को सरकार और जिला प्रशासन का सराहनीय निर्णय बताया। वहीं एसडीएम अभिषेक कुमार ने कहा कि प्रारंभिक चरण में मसौढ़ी प्रखंड में इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया गया है। प्रखंड में 80 वर्ष से अधिक आयु के कुल 1,873 पात्र लाभुक हैं। अब प्रत्येक शनिवार संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता उनके घर पहुंचकर खाद्यान्न उपलब्ध कराएंगे।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी वीरेंद्र भारती ने बताया कि विभागीय पोर्टल पर चिन्हित एवं सत्यापित लाभुकों को ई-पॉश मशीन के माध्यम से अंगूठे का सत्यापन कर अथवा परिवार के वयस्क सदस्य के हस्ताक्षर लेकर राशन वितरित किया जाएगा। वितरण की ऑनलाइन प्रविष्टि भी की जाएगी।
कार्यक्रम में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत कुमार राणा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी वीरेंद्र भारती, संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता, विभागीय कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।