12 चोरी के सिलेंडर, स्कूटी और दो मोबाइल बरामद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी कांड का उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए 12 गैस सिलेंडर, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई पुनपुन थाना कांड संख्या 298/26, दिनांक 2 सितंबर 2026 के मामले में की गई।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी रवि कुमार, शेखपुरा जिले के बादशाहपुर निवासी प्रमोद कुमार तथा फुलवारीशरीफ निवासी प्रकाश कुमार के रूप में हुई है।
पुनपुन थानाध्यक्ष बमबम कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 12 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और दो मोबाइल फोन को भी विधिवत जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश कुमार वर्तमान में पीएमसीएच में इलाजरत है। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज कराया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।