नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। ग्लोबल डे ऑफ पेरेंट्स के अवसर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने अपने माता-पिता का चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा इस विशेष दिवस को श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के लोगों से भी माता-पिता के प्रति सम्मान, सेवा और समर्पण की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि माता-पिता हमारे जीवन के प्रथम गुरु होते हैं। उनके त्याग, तपस्या, प्रेम और संस्कारों के कारण ही हम जीवन में आगे बढ़ पाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब भौतिकता और व्यस्तता का दौर बढ़ता जा रहा है, तब माता-पिता के प्रति सम्मान और उनके साथ समय बिताना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमें अपने माता-पिता का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त होता है। उनके अनुभव और सीख जीवन की कठिन परिस्थितियों में सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि ग्लोबल डे ऑफ पेरेंट्स केवल एक दिवस नहीं, बल्कि माता-पिता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दिन प्रत्येक व्यक्ति को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह अपने माता-पिता की सेवा करेगा, उनका सम्मान करेगा तथा उनके बताए आदर्शों और मूल्यों का पालन करेगा।
अपने माता-पिता का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनके जीवन में मिली सभी उपलब्धियों के पीछे माता-पिता के संस्कार, मार्गदर्शन और आशीर्वाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे अपने माता-पिता का सम्मान करें, उनके साथ समय बिताएं तथा अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी अपने माता-पिता के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन और दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक और प्रेरणादायी रहा, जहां परिवार और संस्कारों के महत्व पर विशेष बल दिया गया।