नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
खूंटी। आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में वांछित पीएलएफआई का हार्डकोर कुख्यात उग्रवादी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन को फिर से खड़ा करने की मंशा पर खूंटी पुलिस ने पानी फेर दिया है।
खूंटी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कई मामलों में वांछित 42 वर्षीय कुख्यात पीएलएफआई उग्रवादी राजेन्द्र साहू उर्फ राजेन्द्र साव उर्फ मास्टर पिता- स्वर्गीय मुंगलू सोनार अपने गांव में मौजूद है। इसी सूचना पर तोरपा थाना पुलिस टीम ने एसडीपीओ के नेतृत्व में मुरहू थाना क्षेत्र के गम्हरिया से कुख्यात उग्रवादी राजेंद्र साहू उर्फ मास्टर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादी राजेंद्र साहू की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और छह जिंदा गोलियां बरामद की। आर्म्स एक्ट तथा 17 सीएलए एक्ट के तहत तोरपा, कर्रा, खूंटी और मुरहू थाना में अलग अलग दर्ज कांडों का राजेंद्र साहू उर्फ मास्टर अभियुक्त रहा है। साथ ही तोरपा गैस गोदाम और कर्रा रेलवे साइडिंग में फायरिंग मामले में भी पुलिस को इसकी तलाश थी। पीएलएफआई को फिर से खड़ा करने की फिराक में राजेंद्र साहू उर्फ मास्टर लगातार उग्रवादी गतिविधियों को अंजाम देता रहा। खूंटी पुलिस ने पूर्व में इसके दस्ते के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कुख्यात हार्डकोर उग्रवादी के लिए बनी विशेष छापामारी टीम में तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी, मनीष कुमार, कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार, मनीष कुमार, तोरपा थाना सशस्त्र बल शामिल थी।