नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी-ओन-सोन (रोहतास)। रोहतास जिले के डेहरी स्थित बीएसएपी-2 प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार सुबह आयोजित लंबी दूरी की दौड़ के दौरान तेज गर्मी और लू के चलते बड़ा हादसा हो गया। 16 किलोमीटर की प्रशिक्षण दौड़ के दौरान 5 से अधिक प्रशिक्षु जवान हीट स्ट्रोक का शिकार होकर बेहोश हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रशिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत सभी प्रभावित जवानों को एंबुलेंस की मदद से डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल और सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सासाराम एसडीपीओ विप्लव कुमार के अनुसार गंभीर रूप से प्रभावित एक प्रशिक्षु जवान श्रीराम कुमार की स्थिति नाजुक बनी हुई है जिसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। सुबह से ही जिले में भीषण गर्मी और तीखी धूप के कारण हालात बेहद कठिन बने हुए थे। दौड़ के दौरान कई जवान अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। समय रहते ट्रेनिंग स्टाफ ने स्थिति को संभाला और सभी को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया।
फिलहाल तीन जवानों का इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है जबकि अन्य का इलाज डेहरी अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही सभी जवानों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल तीन जवान सदर अस्पताल में भर्ती हैं और एक को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।