नवबिहार टाइम्स संवाददाता
ओबरा (औरंगाबाद)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हीट वेव (लू) से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अस्पताल प्रशासन ने पांच बेड का वातानुकूलित (एसी) विशेष वार्ड तैयार किया है, जहां लू से ग्रसित मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर बेहतर इलाज किया जाएगा।
हालांकि बुधवार को तापमान में थोड़ी कमी आने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, फिर भी स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिक्रम सिंह ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि हीट वेव से आने वाले मरीजों के लिए पांच बेड का अलग एसी वार्ड बनाया गया है, ताकि उन्हें तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इस वार्ड में केवल लू से पीड़ित मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
डॉ. बिक्रम सिंह ने कहा कि मरीजों के इलाज के लिए समुचित मात्रा में दवाइयों की व्यवस्था की गई है और किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वार्ड में ग्लूकोज, आईवी फ्लूड्स, जरूरी दवाइयां और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके।
स्वास्थ्य प्रबंधक विकास शंकर ने बताया कि सिविल सर्जन के निर्देश पर हीट वेव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों और नर्सों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे मरीजों को निर्बाध स्वास्थ्य सेवा मिल सके।