नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बेगूसराय। जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा पुलिस के तीन थानाध्यक्षों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा बखड्डा के पास उस समय हुआ जब पटना से लौट रही एक तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा भिड़ी।
मृतकों की पहचान मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर एक ही वाहन से मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे साहेबपुर कमाल क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल साजन पासवान को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि दुर्घटना देर रात हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों में मधेपुरा पुलिस के तीन कार्यरत थानाध्यक्ष और वाहन चालक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है तथा सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मधेपुरा और बेगूसराय सहित पूरे बिहार के पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।