नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। बिहार के सासाराम नगर थाना क्षेत्र के कुराइच इलाके में चोरों ने एक ऐसा दुस्साहसिक कारनामा किया है, जिसने पुलिस और बैंक अधिकारियों के होश उड़ा दिए हैं। चोरों ने रातों-रात आईडीबीआई बैंक के एटीएम बूथ को अपना निशाना बनाया और पूरी मशीन को ही उखाड़कर फरार हो गए। चोरी गई इस मशीन में 6 लाख 81 हजार रुपये नकद थे।
वारदात के तौर-तरीके को देखकर पुलिस का मानना है कि यह किसी आम चोर का काम नहीं है। शातिर बदमाशों ने घटना को अंजाम देने से पहले इलाके की लंबी रेकी (जांच-पड़ताल) की होगी। सुरक्षा तंत्र और पुलिस गश्त से बचते हुए चोरों ने भारी-भरकम मशीन को गायब कर दिया, जिससे उनकी मजबूत प्लानिंग का अंदाजा लगता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है जो हर एक सुराग को बारीकी से टटोल रही है। घटनास्थल के आसपास लगे तमाम CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों के आने और भागने के रास्तों का सुराग मिल सके। बैंक के शाखा प्रबंधक आकाश चंद्र झा की शिकायत पर नगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस के लिए यह गुत्थी सुलझाना और इन शातिर बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।