नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
दरभंगा। दरभंगा से अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में ग्रामीणों की शिकायत पर गुरुवार को अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और सरकारी रास्ते की मापी कराई. इस दौरान रास्ते पर अतिक्रमण पाए जाने के बाद उसे हटवा दिया गया. अतिक्रमण की जद में आई पक्की सड़क के एक हिस्से को भी तोड़ा गया. ग्रामीणों की शिकायत पर डीसीएलआर अजय कुमार और सीओ आलोक कुमार अधिकारियों के साथ पोखरभिंडा गांव पहुंचे और मौके पर जमीन की मापी कराई. शुरुआती जांच में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण मिलने के बाद अधिकारियों ने उसे खाली कराया और वहां बने निर्माण को भी हटवाया. दरअसल, ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर सरकारी सड़क, निजी जमीन, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, राधाकृष्ण मंदिर, सामूहिक श्राद्धस्थल और नाले की जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की थी.
आवेदन देने वालों में भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह, प्रेमचंद मिश्र, रामदाय देवी और रामउदार मिश्र समेत कई ग्रामीण शामिल हैं. शिकायतकर्ता गगन कुमार मिश्र ने अपनी करीब 3 डिसमिल 14 धुर जमीन पर कब्जा किए जाने और वहां बाउंड्री निर्माण की शिकायत की है. वहीं, रामदाय देवी ने अपनी जमीन के किनारे मिट्टी कटाई किए जाने से नुकसान की आशंका जताई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है. मौके पर डीसीएलआर ने बताया कि शुरुआती मापी में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण पाया गया, जिसे तत्काल हटवा दिया गया है. अन्य शिकायतकर्ताओं को शनिवार को अंचल कार्यालय बुलाया गया है. वहां उनके दस्तावेजों और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, मंदिर की जमीन पर कब्जे की शिकायत के संबंध में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल मधुबनी जिले में पड़ता है.
ऐसे में ग्रामीणों को वहां के प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है. वहीं, जमीन विवाद को लेकर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर का भी बयान सामने आया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों को आधारहीन बताते हुए कहा कि वह पिछले दो दिनों से इस मामले से जुड़ी पोस्ट देख रही हैं. भू-माफिया, जमीन हथियाने और गरीबों का हक छीनने जैसे आरोपों से उन्हें काफी दुख पहुंचा है. मैथिली ठाकुर ने कहा कि उनके परिवार पर लगाए जा रहे आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं. अगर किसी के पास इस संबंध में कोई शिकायत या सबूत है तो उसे सामने लाना चाहिए. उन्होंने कहा कि मामले से जुड़ी जानकारी के लिए संबंधित अंचल अधिकारी से सवाल किया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इतने गंभीर आरोप लगाने का आधार क्या है, इसे साबित किया जाना चाहिए.