अकबरपुर के फतेहपुर-पतंगी मोड़ के पास हुआ हादसा, टैंकर से तेल का रिसाव शुरू होने से मची अफरा-तफरी, पुलिस बल तैनात
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर अकबरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-पतंगी मोड़ के समीप गुरुवार की अहले सुबह क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) से भरी एक टैंकरलॉरी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद टैंकर से तेल का रिसाव होने लगा। टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आसपास के इलाके में संभावित खतरे को लेकर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात रही कि दुर्घटना में चालक और सहायक चालक बाल-बाल बच गए।
टैंकर के चालक शेख समीर हुसैन ने बताया कि वाहन कोलकाता के बज-बज से क्रूड ऑयल लोड कर नेपाल जा रहा था। इसी दौरान फतेहपुर-पतंगी मोड़ के पास अचानक टैंकर का स्टेयरिंग जाम हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के समय उनके साथ सहायक चालक शेख अजीजू भी मौजूद थे। दोनों किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।
घटना के बाद चालक ने टैंकर मालिक कोलकाता निवासी रोहित साव को फोन पर दुर्घटना की सूचना दी। स्थानीय लोगों के सहयोग से अकबरपुर थाना पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई। टैंकर से तेल का रिसाव होने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने पुलिस पदाधिकारी और जवानों को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस बल ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए निगरानी शुरू कर दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि क्रूड ऑयल से भरी टैंकरलॉरी के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। एहतियात के तौर पर पुलिस बल को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है। टैंकर से तेल रिसाव की आशंका को देखते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।