नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी उपकारा में जेल प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए गुरुवार को ‘बंदी दरबार’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक कुमार, एएसपी कोमल मीणा, जेल अधीक्षक विपिन कुमार तथा जेलर गौतम कुमार मौजूद रहे।
एसडीएम ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और स्वयं बंदियों के बीच जाकर उनकी शिकायतें व सुझाव सुने। दरबार में लगभग 200 विचाराधीन एवं सजायाफ्ता बंदियों ने भाग लिया। इस दौरान बंदियों ने कई अहम मुद्दे उठाए, जिनमें जेल से कोर्ट ले जाने के दौरान सुरक्षा की कमी, मामलों की धीमी सुनवाई, मुलाकात की समय-सीमा, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधा तथा कानूनी सहायता का अभाव प्रमुख रहे। महिला बंदियों ने परिजनों से बातचीत का समय बढ़ाने की मांग की, वहीं कुछ बंदियों ने जेल में कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू करने का सुझाव दिया।
एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह ‘बंदी दरबार’ आयोजित किया जाएगा, ताकि छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान जेल स्तर पर ही हो सके। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों में से कुछ का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया है, जबकि अन्य के समाधान के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा जाएगा।
इस अवसर पर विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधियों ने बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी और जिन बंदियों के पास वकील नहीं हैं, उन्हें पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
‘बंदी दरबार’ जैसी पहल से जेल प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही बंदियों का भरोसा भी मजबूत होगा। हालांकि, आवश्यक है कि यह पहल केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर बंदियों की उचित मांगों पर ठोस कार्रवाई भी सुनिश्चित करे।