नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मसौढ़ी अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ताजिया जुलूस के रूट, ट्रैफिक प्रबंधन तथा सोशल मीडिया निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में एएसपी कोमल मीणा, उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी, कार्यपालक दंडाधिकारी धर्मवीर कुमार, सिटी मैनेजर शेखर कुमार प्रसाद समेत सभी थाना अध्यक्ष उपस्थित रहे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने भी भाग लिया।
एसडीएम अभिषेक कुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजिया एवं जुलूस निकालने के लिए संबंधित समितियों को पूर्व अनुमति एवं लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। जुलूस के दौरान प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
प्रशासन ने जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। साथ ही किसी भी प्रकार के धारदार हथियार या आग्नेयास्त्र लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर परिषद एवं पंचायत प्रतिनिधियों को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा पेयजल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। वहीं बिजली विभाग को ढीले एवं लटके हुए तारों को दुरुस्त करने तथा जुलूस के दौरान आवश्यक बिजली प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्णय लिया है। फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर साइबर सेल की 24 घंटे निगरानी रहेगी। धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली अफवाहें, आपत्तिजनक पोस्ट अथवा भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि मसौढ़ी हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द और कौमी एकता की मिसाल रहा है तथा इस वर्ष भी मोहर्रम का पर्व शांति, भाईचारे और आपसी सहयोग के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर मो. मसूद, मो. खुर्शीद, मो. मजहर, मो. इब्राहिम, मो. नौशाद, छोटू इराकी, डॉ. रामजयपाल सिंह, नवल भारती, लालमोहन सिंह, सुनील गावस्कर, डॉ. मंगल, कृष्णा सिंह, अरुण प्रसाद, धर्मेंद्र रंगकर्मी, मंतोष पासवान सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।