नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निदेशानुसार जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद की अध्यक्षता में योजना भवन स्थित सभा कक्ष में जिले के सभी पंचायत सचिवों के साथ पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन तथा प्रशासनिक कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी द्वारा आगामी रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत विकास शिविर को सफल एवं जनोपयोगी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि शिविर के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य किया जाए।
साथ ही सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित मामलों के प्रभावी निष्पादन, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण एवं निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
इस अवसर पर सोलर लाइट स्थापना, सामुदायिक मंडप निर्माण, पंचायत सरकार भवन की स्थिति, आधार कार्ड से संबंधित कार्य, आरटीपीएस सेवाओं का संचालन, पंचायत विकास दिवस आयोजन, सहयोग पोर्टल पर प्राप्त मामलों का निष्पादन, जनता दरबार से संबंधित मामलों की समीक्षा, मोक्ष धाम निर्माण, प्रशिक्षण कार्यक्रम, पंचायत पुस्तकालय संचालन, डाकघर संबंधी गतिविधियों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने सभी पंचायत सचिवों को पंचायत कार्यालयों में कार्य को सुदृढ़ करने तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु सभी कर्मियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराने का निर्देश दिया।