नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, बाजारों और मोहल्लों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से संपर्क कर एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान की शुरुआत वार्ड-21 स्थित श्रीकृष्णापुरी पार्क से हुई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से मुलाकात की गई। इसके बाद श्रीकृष्णापुरी के विभिन्न इलाकों में लोगों से संवाद किया गया। अभियान के दौरान अशोक राजपथ स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से भी संपर्क किया गया।

इसके बाद वार्ड-37 के नटराज गली, अशोक राजपथ, गोला रोड, बजाजा, दलदली, आईएमए हॉल, द्वारिकानाथ लेन और सालिमपुर अहरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया गया। वहीं जंक्शन मंडल के बाकरगंज रोड तथा कदमकुआं मंडल के उमा सिनेमा हॉल, दलदली रोड, बजाजा इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, कला मंच, ठाकुरबाड़ी रोड, चूड़ी मार्केट और पार्क रोड समेत कई इलाकों में भी अभियान चलाया गया।
अभियान में पार्षद संजीव आनंद, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल रहे। दोपहर में नीरज सिन्हा ने पटना सिविल कोर्ट परिसर पहुंचकर अधिवक्ताओं से भी मुलाकात की और उनका सहयोग एवं समर्थन मांगा।

भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और अधिवक्ताओं का व्यापक समर्थन मिला। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल और सकारात्मक जनसमर्थन मिलने का दावा किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने कहा, “बांकीपुर की जनता के प्यार और स्नेह से मैं अभिभूत हूं। जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों का जो समर्थन मिल रहा है, उससे यह विश्वास मजबूत हुआ है कि इस उपचुनाव में जनता कमल खिलाने का मन बना चुकी है।”
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा तथा लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।