हाथीदह रेलवे अंडरपास और महेंद्रपुर के पास सड़क बनी जानलेवा, गड्ढों व जलजमाव से राहगीर परेशान
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। एनएच-80 पर इन दिनों सफर करना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। खासकर हाथीदह रेलवे अंडरपास और महेंद्रपुर के पास सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे और जलजमाव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
हाथीदह रेलवे अंडरपास के समीप हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है। जलजमाव के कारण सड़क और गड्ढों का अंदाजा लगाना वाहन चालकों के लिए मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, महेंद्रपुर के पास सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई जगह सड़क का स्वरूप ही नजर नहीं आता और पूरा मार्ग गड्ढों में तब्दील दिखाई देता है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार एनएच-80 पर हर साल सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य कराया जाता है, लेकिन मरम्मत के कुछ ही दिनों बाद सड़क दोबारा टूटने लगती है। लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में परेशानी लगातार बढ़ जाती है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि एनएच-80 पर गुजरने वाले वाहनों से टोल टैक्स की वसूली की जाती है, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित एनएच विभाग से हाथीदह रेलवे अंडरपास तथा महेंद्रपुर के पास सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि महज गड्ढों में मिट्टी या गिट्टी भरकर खानापूर्ति करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सड़क की मजबूती के साथ जलनिकासी की समुचित व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।