नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
चतरा। जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी के निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट साइट पर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में सूत्रों के हवाले से पांच लोगों की मौत होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य की मौत इलाज के दौरान हो गई। हादसे की चपेट में एक स्थानीय कामगार के भी आने की जानकारी मिली है।
जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी परियोजना के तहत थॉयसन कंपनी की ओर से कन्वेयर बेल्ट का निर्माण कराया जा रहा है। टंडवा के आरा स्थित सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर निर्माण कार्य के दौरान यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को लेकर निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि स्ट्रक्चर के डिजाइन में पहले भी खामियां सामने आई थीं, इसके बावजूद कथित तौर पर उन्हें नजरंदाज कर निर्माण कार्य जारी रखा गया। लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधन और निर्माण कार्य करा रही थॉयसन कंपनी पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
वहीं, घटना के संबंध में संबंधित अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मृतकों की संख्या और हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासनिक जांच के बाद ही दुर्घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।