नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पैक्स चुनाव को लेकर नगर परिषद मसौढ़ी के भदौरा क्षेत्र में मतदान के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं और मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
भदौरा में पैक्स चुनाव के लिए कुल चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,672 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म है, लेकिन मतदाता इस बार अपने रुख को लेकर पूरी तरह साइलेंट नजर आ रहे हैं, जिससे प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ गई हैं।

मतदान करने पहुंचे कई मतदाताओं ने कहा कि वे उसी उम्मीदवार को चुनेंगे जो किसानों के हित में काम करेगा और केवल वादे नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम देगा। वहीं सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और किसानों के लिए किए गए कार्यों को अपनी सबसे बड़ी ताकत बता रहे हैं।
इस बार भदौरा पैक्स चुनाव चतुष्कोणीय मुकाबले में बदल गया है। अध्यक्ष पद के लिए नागेश्वर प्रसाद सिंह, लक्ष्मण पांडे, पवन कुमार और रामदुलार सिंह मैदान में हैं। दिलचस्प बात यह है कि पवन कुमार और रामदुलार सिंह पिता-पुत्र हैं, जिससे मुकाबला और भी रोचक हो गया है।
पिछले चुनाव का इतिहास भी इस चुनाव को खास बना रहा है। 25 सितंबर 2025 को हुए चुनाव में लक्ष्मण पांडे ने नागेश्वर सिंह को महज 85 वोटों के अंतर से हराया था। हालांकि, कार्यकारिणी समिति का गठन नहीं हो पाने और बाद में सदस्यों के इस्तीफे के कारण समिति भंग हो गई थी। इसी वजह से चुनाव प्रक्रिया को निरस्त कर दोबारा चुनाव कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि भदौरा पहले पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आता था, लेकिन अब यह नगर परिषद मसौढ़ी का हिस्सा है। ऐसे में यहां का पैक्स चुनाव स्थानीय राजनीति के साथ-साथ किसानों के मुद्दों को लेकर भी काफी अहम माना जा रहा है।
फिलहाल सभी प्रत्याशी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं, लेकिन मतदाताओं की खामोशी चुनावी नतीजों को लेकर सस्पेंस बनाए हुए है। अब सबकी नजर मतगणना पर टिकी है कि किसानों का समर्थन किस उम्मीदवार के पक्ष में जाता है और भदौरा पैक्स का नया नेतृत्व किसे मिलता है।