नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। फायरिंग कर दहशत फैलाने, अवैध हथियार रखने तथा अवैध देसी शराब बनाने के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ कदीरगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने विधिवत ढोल-नगाड़ा बजाकर गांव में मुनादी कराई और आरोपियों के घरों पर न्यायालय का इश्तिहार चस्पा कर शीघ्र आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना कांड संख्या 102/25 के तहत रेपुरा-दौलतपुर रोड पर दो गुटों के बीच हुई फायरिंग तथा अवैध देसी चुलाई शराब के मामले में फरार आरोपियों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है।
इश्तिहार तामील कराए गए आरोपियों में प्रमोद कुमार, सोनम कुमार (पिता–विजय प्रसाद) तथा विजय प्रसाद (पिता–गोरख प्रसाद), सभी निवासी बलवापर शामिल हैं। पुलिस टीम ने गांव में मुनादी कराने के बाद तीनों के घरों पर इश्तिहार चस्पा किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर आरोपी न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आर्म्स एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में दर्ज इस मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।