नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मध निषेध विभाग की सूचना पर पुनपुन पुलिस ने शनिवार रात पटना-गया-डोभी एनएच-22 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब से लदे एक मिनी ट्रक को जब्त किया। ट्रक से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 1,728 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात प्रभारी थानाध्यक्ष कुलीन सरदार को मध निषेध विभाग से सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप पुनपुन के रास्ते पटना की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने डुमरी पुल के समीप एनएच-22 पर वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान गया की ओर से आ रहे एक संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में लदे कुरकुरे, बिस्कुट और अन्य सामानों के नीचे बड़ी चालाकी से अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी में कुल 1,728 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के हामिदनगर निवासी राज अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप झारखंड से हाजीपुर ले जाई जा रही थी, जिसके बदले उसे पारिश्रमिक मिलना था। हालांकि उसने इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी होने से इनकार किया।
पुलिस ने शराब और मिनी ट्रक को जब्त कर लिया है तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।