नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर (वैशाली)। जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में रविवार सुबह रास्ते के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक आर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक आर्मी जवान जितेंद्र कुमार दिल्ली में तैनात थे। वह चार दिन पहले ही एक रिश्तेदार की करंट लगने से हुई मौत के बाद छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम विवादित जमीन से रास्ता निकालने को लेकर उनका गांव के ही चचेरे भाई जगदीश राय से विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।
परिजनों का आरोप है कि रविवार सुबह जगदीश राय ने अपने साथियों के साथ मिलकर जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारीक राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से मुनारीक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार और बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रास्ते और जमीन के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। घटना के बाद मुख्य आरोपी जगदीश राय और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद रजासो गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।