नवबिहार टाइम्स संवाददाता
शेरघाटी। थाना क्षेत्र के झौर गांव में 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान झौर गांव निवासी पंकज मांझी उर्फ बंडा मांझी (20 वर्ष), पिता स्वर्गीय कुलेश्वर मांझी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पंकज तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता का निधन इसी वर्ष मार्च महीने में हो गया था, जिसके बाद परिवार पहले से ही आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा था।
मृतक की दादी सुबसिया देवी ने आरोप लगाया कि गुरुवार रात पंकज खाना खाकर घर में सो गया था। इसी दौरान गांव में हल्ला होने लगा। उनका कहना है कि गांव के शैलेश मांझी और बालेश्वर यादव उसे घर से पकड़कर ले गए तथा उसके हाथ-पैर बांधकर मारपीट की। परिजनों के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने बंधन खोलकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक पर पूर्व में बालेश्वर यादव एवं शैलेश मांझी के घर चोरी के मामले में घुसने का आरोप लगाया गया था। हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।