नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर स्थित सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज परिसर में 13 बिहार बटालियन एनसीसी औरंगाबाद द्वारा आयोजित CATC-III कैंप के सातवें दिन कैडेट्स को विभिन्न प्रकार के व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ड्रिल अभ्यास से हुई, जिसमें सभी एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद पीआई स्टाफ द्वारा ‘फायर एंड मूव’ विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान बताया गया कि यह एनसीसी एवं सेना की बैटल ड्रिल का एक महत्वपूर्ण और बुनियादी हिस्सा है, जिसे सरल भाषा में “गोली और चाल” के रूप में समझा जा सकता है।

इसके पश्चात DTO औरंगाबाद की टीम के इंचार्ज इंस्पेक्टर नंदन राज ने कैडेट्स को यातायात के विभिन्न साधनों एवं नियमों की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। वहीं, फायर ब्रिगेड औरंगाबाद के इंचार्ज इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी देते हुए डेमो के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान ANO अक्षय जैन ने कैडेट्स को पब्लिक स्पीकिंग के माध्यम से भारत-पाकिस्तान युद्ध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जिससे कैडेट्स का ज्ञानवर्धन हुआ।

संध्या सत्र में पीआई स्टाफ द्वारा खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें टग ऑफ वार (रस्साकशी) का फाइनल मुकाबला कराया गया। इसके अलावा अन्य खेलों का भी अभ्यास कराया गया। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैडेट्स ने बिहार की संस्कृति से जुड़े विभिन्न प्रस्तुतियों का अभ्यास किया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कैंप कमांडेंट कर्नल प्रदीप कुमार तक्षक ने प्रशिक्षण का जायजा लेते हुए कहा कि DTO और फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा दिया गया विशेष प्रशिक्षण कैडेट्स के लिए अत्यंत उपयोगी रहा, जिससे उनका मनोबल बढ़ा है। उन्होंने बताया कि कैडेट्स सभी गतिविधियों को गंभीरता से समझ रहे हैं।
इस अवसर पर 13 बिहार बटालियन एनसीसी औरंगाबाद के सभी ANO, पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ उपस्थित रहे।