नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्त बनाए रखने के क्रम में औरंगाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। औरंगाबाद जिले के खुदवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्तारपुर टोले समधन बिगहा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 200 एमएल की 400 बोतलों (कुल 80 लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से अवैध कारोबार में संलिप्त स्थानीय निवासी विष्णुदेव सिंह के दो पुत्रों राधे यादव और बबन सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उक्त गांव निवासी विष्णुदेव सिंह के पुत्र राधे यादव और बबन सिंह के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त गांव में शराब का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने राधे यादव के घर पर छापेमारी की। इस दौरान घर से 200 एमएल की 400 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब की कुल मात्रा 80 लीटर बतायी गयी है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया गया था। कार्रवाई के दौरान शराब की बरामदगी के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का साफ संदेश है कि अवैध धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।