नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह पर मसौढ़ी पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार लोगों की पहचान पूनम कुमारी और चंदन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पूनम धनरूआ प्रखंड के भखरी गांव की रहने वाली है और साइबर गिरोह के सरगना संतोष कुमार की पत्नी है। वहीं चंदन कुमार भी उसी गांव का निवासी है।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब रहमतगंज स्थित जिला परिषद भवन रोड पर साइबर कैफे चलाने वाले प्रणव किशोर ने मसौढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रणव ने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर को पूनम कुमारी ने उनसे ऑनलाइन माध्यम से 15 हजार रुपये अपने नंबर पर मंगवाए और भुगतान लेकर वहां से चली गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद 12 तारीख तक महिला ने अलग-अलग बार में कुल 1 लाख 39 हजार रुपये मंगवाए। जांच में सामने आया कि सारे रुपये भखरी निवासी चंदन कुमार के बैंक खाते से भेजे गए थे। इधर, प्रणव के मोबाइल पर चार बार संदिग्ध रुपये आने के कारण पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक की ओर से उसका बैंक खाता होल्ड किए जाने का संदेश भेजा गया। इसके बाद प्रणव को ठगी की आशंका हुई और उसने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान मसौढ़ी स्थित संतोष कुमार के घर से पुलिस ने चेक, फर्जी बैंक खातों से जुड़े कागजात, ठगी की रकम वसूली की सूची समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। गिरोह के सरगना संतोष कुमार को पकड़ने के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।