नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बाबा बैद्यनाथ धाम–बासुकीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के सुविधा को लेकर श्रावणी मेला से पहले पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कांवरिया पथ का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों को हर हाल में समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।पर्यटन मंत्री ने शिवराम झा चौक, बीएड कॉलेज, अंतरराज्यीय बस स्टैंड, कोठिया स्थित टेंट सिटी तथा दुम्मा से लेकर खिजुरिया तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, आवास, पेयजल, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली।
निरीक्षण के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि श्रावणी मेला की लगभग 95 प्रतिशत तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष कार्य भी अगले चार दिनों के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण मिले।
इसके बाद पर्यटन मंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित होगी, जिसमें मेले की व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा के साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की जाएगी। सरकार का लक्ष्य इस बार के श्रावणी मेले को बेहतर प्रबंधन, उत्कृष्ट सुविधाओं और सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।