नवबिहार टाइम्स संवाददाता
वजीरगंज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मनमीत एडवरटाइजिंग एंड न्यूज एजेंसी, गया द्वारा वजीरगंज प्रखंड सभागार में “पर्यावरण संरक्षण में जनप्रतिनिधियों की भूमिका” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के उपरांत पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए वजीरगंज प्रखंड के चौहान गली स्थित कुशल युवा कार्यक्रम केंद्र के तीन सदस्यों को “पर्यावरण मित्र सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने वालों में केंद्र संचालक संतोष कुमार, केंद्र सहायक अमीषा कुमारी तथा सुमन कुमारी शामिल हैं। तीनों को मनमीत एडवरटाइजिंग एंड न्यूज एजेंसी के निदेशक प्रभाकर कुमार ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रभाकर कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कुशल युवा कार्यक्रम से जुड़े ये युवा कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्ति अभियान में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे प्रयास पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने बताया कि “पर्यावरण मित्र सम्मान-2026” के लिए चयनित कई सम्मानित व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके थे। ऐसे लोगों को उनके स्थान पर जाकर सम्मानित किया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार को कुशल युवा कार्यक्रम केंद्र के संचालक और सहायकों को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुशल युवा कार्यक्रम केंद्र के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।