नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। बेलसर गांव में देर रात हथियार के बल पर लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने बेलसर पंचायत के मुखिया मुकेश गुप्ता के पुत्र प्रणव कुमार को रास्ते में घेरकर लूटपाट की। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है।
बताया गया कि प्रणव कुमार अपनी दुकान बंद करने के बाद एंबुलेंस से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने उनकी एंबुलेंस को घेर लिया। आरोप है कि अपराधियों ने गाली-गलौज करते हुए एंबुलेंस का शीशा तोड़ दिया और हथियार दिखाकर प्रणव कुमार को डराया-धमकाया।
इसके बाद अपराधियों ने प्रणव कुमार से 65 हजार रुपये नकद लूट लिए। अचानक हुई वारदात से वह सहम गए। किसी तरह मौके से निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई। आरोप है कि अपराधियों ने इसके बाद भी उनका पीछा किया और उनके घर तक पहुंचने की कोशिश की। इस घटना से परिवार के लोग काफी भयभीत हैं।
लूट की घटना के बाद बेलसर इलाके में पुलिस की रात्रि गश्ती और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के बढ़ते हौसले से आम लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित की ओर से घटना की सूचना बेलसर पुलिस को दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।