भाजपा के ‘12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत कारा व ओबरा मंडल में चला जनसंपर्क अभियान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी “12 साल बेमिसाल” अभियान के तहत शुक्रवार को कारा मंडल और ओबरा मंडल में विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान पार्टी नेताओं ने प्रबुद्ध किसानों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों एवं व्यवसायियों से संपर्क कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कारा मंडल में कार्यक्रम की अध्यक्षता रामेश्वर चौरसिया ने की, जबकि ओबरा मंडल में संजय मालाकार की अध्यक्षता में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा बिहार प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सिंह चंद्रवंशी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि आजादी के बाद लगातार 12 वर्षों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने का गौरव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर उसे देश की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य मोदी सरकार ने किया। साथ ही अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण को करोड़ों लोगों की आस्था का सम्मान बताया।
प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न प्रदान कर प्रधानमंत्री ने बिहारवासियों को गौरवान्वित किया है। उन्होंने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने और आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था को सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है और भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, हर घर शौचालय और गरीबों को मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अश्वनी तिवारी, अभय चंद्रवंशी, संजय शर्मा, भूपेंद्र सिंह, राकेश पांडेय, अनिल मालाकार, पप्पू अग्रवाल, नवलेश यादव, बिनोद चंद्रवंशी, सिद्धेश्वर प्रसाद, डॉ. अशोक कुमार, सतेंद्र सिंह चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की सराहना की।