1.48 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला, टिकट बिक्री में भी हुई बढ़ोतरी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दानापुर मंडल के पटना–गया रेलखंड पर सोमवार की सुबह पुनपुन और तारेगना स्टेशन पर चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान में 217 बेटिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा गया। अभियान के दौरान यात्रियों से जुर्माने के रूप में 1,48,395 रुपये रेल राजस्व की वसूली की गई।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर यह विशेष अभियान सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक चलाया गया। अभियान में वाणिज्य विभाग के 23 टीटीई तथा आरपीएफ के 6 जवानों की संयुक्त टीम ने विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन “लाल गाड़ी” के साथ पुनपुन स्टेशन पर सघन जांच की।
जांच अभियान की शुरुआत पटना–सिंगरौली पलामू एक्सप्रेस से की गई। इसके बाद 63241 सहित करीब 8 से 10 जोड़ी ट्रेनों में चार घंटे तक गहन टिकट जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 217 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनसे कुल 1,48,395 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेल प्रशासन के अनुसार इस अभियान का असर पूरे पटना–गया रेलखंड पर देखने को मिला। परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना और जहानाबाद समेत विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी, जिससे टिकट बिक्री में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
दानापुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा के खिलाफ विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर तथा निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।