नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का 71वां स्थापना दिवस बुधवार को औरंगाबाद क्षेत्रीय कार्यालय सहित जिले की विभिन्न शाखाओं में उत्साह, गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्राहकों का स्वागत कर उन्हें शॉल और बुके भेंटकर सम्मानित किया तथा बैंक की गौरवशाली यात्रा और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को याद किया।
रमेश चौक स्थित एसबीआई शाखा में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार ने कहा कि स्थापना के बाद से भारतीय स्टेट बैंक ने करोड़ों ग्राहकों का विश्वास अर्जित करते हुए बैंकिंग सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि एसबीआई आज डिजिटल बैंकिंग, कृषि ऋण, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा ऋण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों का विश्वास ही बैंक की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी विश्वास को बनाए रखने के लिए एसबीआई लगातार आधुनिक तकनीक एवं नवाचार के साथ बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
स्थापना दिवस समारोह के दौरान बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बेहतर ग्राहक सेवा, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। वहीं उपस्थित ग्राहकों ने भी बैंक की सेवाओं की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय स्टेट बैंक भविष्य में भी आधुनिक तकनीक, नवाचार और उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए देश के आर्थिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
समारोह के अंत में सभी ग्राहकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर उप शाखा प्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, क्षेत्रीय कार्यालय से श्रीधर कुमार, बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे।