औरंगाबाद एसपी ने किया थाना का निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने गुरुवार को दाउदनगर थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध के मामलों के त्वरित निष्पादन, कांडों का उद्वेदन करने, अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतने के साथ मालखाना के सामानों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना पहुंचे तो सबसे पहले उन्हें जिला पुलिस बल की टीम द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
समीक्षा के दौरान एसडीपीओ अशोक कुमार दास और पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। थाना अध्यक्ष विकास कुमार समेत और अधिकारियों को उन्होंने आवश्यक निर्देश दिया। थाना भवन, सिरिस्ता कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, थानागार्ड, हाजत, बैरक और वहां संधारित की जाने वाली विभिन्न पंजियों की जांच की गई।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित एसडीपीओ, पुलिस इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष एवं अनुसंधानकर्ता के साथ गंभीर कांडों की समीक्षा करते हुए सम्बंधित को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, वारंट व कुर्की के ससमय तामिला तथा गंभीर शीर्ष अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी हेतु महत्वपूर्ण निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य में पूर्ण शराबबंदी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने, अवैध खनन एवं परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने तथा थाना परिसर की साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।